Monday, January 5, 2015

वे नव वर्ष के प्रतीक्षा भरे पल

वे नव वर्ष के प्रतीक्षा भरे पल
हर जाती साँस के साथ, हर आती आस के साथ,
हमने किया था इंतज़ार ! हाँ ! हमने किया था बहुत इंतज़ार !
तरसती निगाहों से फोन की ओर देखा था बार-बार !
हर मुबारकवाद को आती घंटी मानो कर रही थी हृदय पर प्रहार !
पूछ रहा था मन : "क्यों जीवन में ऐसे गये हम हार ?"
हर आता शुभ संदेश भी फीका सा लग रहा था ।
मन में तुम्हारा स्वर सुनने का अरमान जग रहा था ।
कितने ही संदेश आये, पर कोई मन को न भा रहा था !
हालाँके वह हर बार शुभ कामना ही ला रहा था ।
लेकिन हुई नहीं पूरी हमारी उम्मीदों की फरियाद !
तुमको नही करना था, तो नही ही किया हमको याद ।
ज्ञात है हमको कि यह है घर-घर की कहनी ।
इस क्षणभंगुर से जीवन में होती नहीं हर घड़ी सुहानी !
सबसे निकटस्थ ही सबसे पहले दूरी ले लेते हैं ।
बहुत चाहने पर भी अक्सर स्नेह घटा ही देते हैं ।
फिर भी आँचल पर आँखों से कुछ बूँदें गिरने ही लगीं ।
ज्ञान के हर रंग को फीका सा करने ही लगीं ।
उर में अतीत की जाने कितनी स्मृतियाँ उभरने सी लगीं ।
मन डूब गया उनमें और रात फिसलने सी लगी !
एक के बाद एक कितने परत खुलते ही रहे ।
नव वर्ष की रात के सब रंग घुलते ही रहे ।
यह तो नहीं कह पाएँगे कि : "वे सारे बीते थे उदास,"
हालाँके साथ में हर बार निकली थी इक गहरी उसाँस ।
लेकिन हम बीच-बीच में कई बार मुस्कुराये !
अतीत के कितने ही वसंत मानो इस बगिया में खिल आये ।
यूँही जाने कब, गीले आँचल में ही, हम नींद में सो गये ।
और तुम से ही जुड़े सुंदर से सपनों में खो गये !
बहुत सुहाने कोमल से थे वे सारे ही प्यारे सपने !
मेरी ममता की छाया में, बैठे थे तुम बन कर अपने ।
पर जगती की माया ने उनको टिकने नहीं दिया !
नव वर्ष की रात बीत गई औ दिन निकल ही गया ।
देखा : नव-वर्ष की तो कई घड़ियाँ गईं निकल !
मन बोला : "उठ ! कर्म पर लग, भूल रात का हर पल ।
अब कुछ भी नया नहीं, न कोई संदेश आयगा ।
न अब कोई तुम्हें मुबारक़वाद भिजायेगा ।"
तब से हम भी औरों की तरह खुद को समझाने में लगे हैं ।
जीवन का सत्य समझ, ख़ुद को मज़बूत बनाने में लगे हैं ।
अब न मन अशांत, न ही कोई इंतज़ार !
"मरुथल में न आता वसंत," दोहरा लेते हैं बार-बार !
सरस्वती जोशी

No comments:

Post a Comment